कैथ लैब, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और कैंसर अस्पताल की प्रशासकीय स्वीकृति का उठाया मुद्दा
मुख्यमंत्री ने सकारात्मक विचार का दिया आश्वासन

सागर, जीशान खान। बुंदेलखंड क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और उन्नयन को लेकर सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में स्वीकृत सुपर स्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाओं को जल्द शुरू करने तथा सागर में प्रस्तावित कैंसर अस्पताल की प्रशासकीय स्वीकृति शीघ्र जारी किए जाने की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। विधायक श्री जैन ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि सागर सहित पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र के हजारों मरीजों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए भोपाल, इंदौर, नागपुर और अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों पर अतिरिक्त आर्थिक और मानसिक बोझ पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जाता है तो क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।


विधायक श्री जैन ने विशेष रूप से हृदय रोगियों के उपचार के लिए कैथ लैब (कैथेटराइजेशन लैब) की स्थापना की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हृदय संबंधी गंभीर मामलों में समय पर उपचार बेहद महत्वपूर्ण होता है और वर्तमान में मरीजों को दूसरे शहरों में रेफर करना पड़ता है। कैथ लैब की सुविधा शुरू होने से एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी समेत कई महत्वपूर्ण उपचार सागर में ही उपलब्ध हो सकेंगे। इसके अलावा उन्होंने न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी तथा अन्य सुपर स्पेशलिटी विभागों को शीघ्र प्रारंभ किए जाने की मांग भी रखी। उनका कहना था कि इन सेवाओं के शुरू होने से बुंदेलखंड के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं अपने क्षेत्र में ही मिल सकेंगी और उन्हें बड़े शहरों की निर्भरता से राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री से चर्चा के दौरान विधायक श्री जैन ने सागर में प्रस्तावित कैंसर अस्पताल की प्रशासकीय स्वीकृति का विषय भी प्रमुखता से रखा। उन्होंने बताया कि राज्य शासन द्वारा सागर में कैंसर अस्पताल निर्माण को मंजूरी प्रदान की जा चुकी है, लेकिन इसकी प्रशासकीय स्वीकृति अभी लंबित है। विधायक ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज के लिए वर्तमान में मरीजों को लंबी दूरी तय कर बड़े शहरों में जाना पड़ता है। यदि सागर में कैंसर अस्पताल स्थापित होता है तो न केवल जिले बल्कि पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र के मरीजों को आधुनिक और विशेषज्ञ उपचार की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगी।


मुलाकात के दौरान विधायक शैलेंद्र जैन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को सागर आगमन का आमंत्रण भी दिया। उन्होंने जिले में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं और स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।


विधायक श्री जैन ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार के सहयोग से सागर और बुंदेलखंड क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा। उनका कहना है कि कैथ लैब, सुपर स्पेशलिटी विभागों और कैंसर अस्पताल जैसी सुविधाओं के शुरू होने से लाखों लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलेगा और गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता कम होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधायक द्वारा रखे गए प्रस्तावों और मांगों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से जुड़े विषयों को गंभीरता से लेने की बात कही।