इंदौर, रविकांत वर्मा। सोशल मीडिया पर जन्मदिन के दौरान चाकू से केक काटने का वीडियो वायरल होने के बाद कनाड़िया थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुमित गिरी के रूप में हुई है। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर जांच कर युवक को हिरासत में लिया, जहां उसने अपने कृत्य पर माफी भी मांगी।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें सुमित गिरी अपने जन्मदिन समारोह के दौरान बड़े चाकू से केक काटता दिखाई दे रहा था। वीडियो वायरल होने के बाद कनाड़िया पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की पहचान की और उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू की।


पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाने लाकर पूछताछ की। इस दौरान युवक ने अपने व्यवहार पर खेद व्यक्त करते हुए माफी मांगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन करना और ऐसे वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करना कानून व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। इससे समाज में गलत संदेश जाता है तथा युवाओं पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।


कनाड़िया थाना पुलिस ने आमजन, विशेष रूप से युवाओं से अपील की है कि जन्मदिन या अन्य आयोजनों में हथियारों का प्रदर्शन करने से बचें और कानून का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।