छतरपुर, संजय अवस्थी। जिला अंतर्गत मातगुवां थाना क्षेत्र के ग्राम बजरंगगढ़ (बूदौर) से धोखाधड़ी का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ के निवासी एक अशिक्षित और गरीब बुजुर्ग किशोरीलाल सेन (54 वर्ष) ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीडि़त का आरोप है कि गांव के ही एक चालाक व्यक्ति राकेश यादव पिता मथुरा प्रसाद यादव ने उन्हें बैंक से होम लोन स्वीकृत कराने का झांसा दिया। इसी बहाने आरोपी ने बीते 21 अप्रैल 2026 को बुजुर्ग को धोखे में रखकर उप-पंजीयक कार्यालय छतरपुर में उनके पैतृक और पीएम आवास योजना के तहत बन रहे मकान का जबरन रजिस्टर्ड विक्रय-पत्र निष्पादित करा लिया। पीडि़त को सौदे की एक भी चवन्नी नहीं दी गई।


धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब आरोपी मकान पर कब्जा करने पहुंचा। विरोध करने पर आरोपी राकेश यादव ने राजनीतिक रसूख और रिश्तेदारी की धौंस देते हुए पीडि़त को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। पीडि़त का कहना है कि आरोपी ने उन्हें और उनके बेटे पप्पू सेन सहित पूरे परिवार को रास्ते पर लाने और जान से मारने की धमकी दी है। पीडि़त बुजुर्ग ने एसपी कार्यालय में आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज करने, कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।