भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश सरकार रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेशवासियों, विशेषकर लाड़ली बहनों को एक नई सौगात देने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि इस रक्षाबंधन पर्व से प्रदेश में “सुगम परिवहन सेवा” की शुरुआत की जाएगी, जिसके तहत सरकारी बसों का संचालन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित, सुलभ और बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सुगम परिवहन सेवा के माध्यम से मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ-साथ प्रदेश से जुड़े अन्य राज्यों के प्रमुख शहरों तक सरकारी बसों का नेटवर्क विकसित किया जाएगा।
सरकार का मानना है कि इस पहल से यात्रियों को निजी परिवहन पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी और उन्हें किफायती तथा भरोसेमंद यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी। विशेष रूप से महिलाओं, विद्यार्थियों, श्रमिकों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार जनता की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए काम कर रही है और सुगम परिवहन सेवा उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर शुरू होने वाली यह सेवा प्रदेश के आवागमन तंत्र को और मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होगी।

