छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारियों ने सीएमएचओ कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में छिंदवाड़ा एवं पांढुर्ना जिले के बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।


प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अप्रैल 2024 से लागू न्यूनतम वेतनमान का एरियर, लंबित वेतन तथा बोनस का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि लगातार मांग उठाने के बावजूद विभागीय स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आउटसोर्स, अस्थायी एवं अंशकालीन कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने मांग की कि वेतन का भुगतान सीधे कर्मचारियों के बैंक खातों में किया जाए। साथ ही हटाए गए कर्मचारियों को पुनः सेवा में लिया जाए तथा ठेका कंपनी बदलने की स्थिति में कर्मचारियों की सेवाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आगामी दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में संगठन के पदाधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारी मौजूद रहे।