भोपाल। कर्नल सोफिया कुरैशी से जुड़े बहुचर्चित मामले में कैबिनेट मंत्री विजय शाह को बड़ी राहत मिली है। अब इस मामले में मंत्री विजय शाह के खिलाफ मुकदमा नहीं चलेगा। दरअसल, राज्यपाल ने उनके खिलाफ केस चलाने (अभियोजन) की स्वीकृति देने से साफ इनकार कर दिया है। राजभवन ने राज्य कैबिनेट द्वारा भेजे गए उस प्रस्ताव को अपनी हरी झंडी दे दी है, जिसमें मंत्री के खिलाफ अभियोजन की स्वीकृति न देने की सिफारिश की गई थी।
ज्ञात हो कि इस पूरे मामले में न्यायालय ने राज्यपाल को विचार कर जल्द निर्णय लेने के लिए निर्देशित किया था। इसी कड़ी में आज शाम जैसे ही राज्यपाल अपनी छुट्टी से वापस लौटे, प्रदेश के मुख्य सचिव (CS) ने तत्काल राजभवन पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इस अहम मुलाकात के दौरान ही मामले पर अंतिम फैसला लिया गया और राज्यपाल ने कैबिनेट के प्रस्ताव पर मुहर लगाते हुए अभियोजन की स्वीकृति से इनकार कर दिया, जिससे मंत्री विजय शाह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का रास्ता बंद हो गया है।




