टीकमगढ़/पलेरा, सोनू विश्वकर्मा। तहसील क्षेत्र के टौरिया गांव के काशीपुरा में सोमवार को श्मशान घाट की जमीन को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। 90 वर्षीय लाडकुंवर अहिरवार के निधन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए गांव स्थित मुक्तिधाम पहुंचे, लेकिन कुछ लोगों ने उन्हें रोक दिया। इससे मौके पर काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।


परिजनों और काशीपुरा के ग्रामीणों का कहना है कि उक्त स्थान पर करीब 100 वर्षों से श्मशान घाट संचालित है। वहीं, बखतपुरा गांव के कुछ लोगों ने श्मशान घाट की जमीन को लेकर आपत्ति जताई, जिसके चलते अंतिम संस्कार रोकने की स्थिति निर्मित हुई।


सूचना मिलने पर तहसीलदार पलक जैन और थाना प्रभारी प्रीति भार्गव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से चर्चा कर मामले को शांत कराया। बखतपुरा निवासी रक्कू अरजरिया सहित संबंधित लोगों से भी बातचीत कर समझाइश दी गई।


प्रशासन की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद लाडकुंवर अहिरवार का उसी श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार कराया गया। तहसीलदार पलक जैन ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मुक्तिधाम से जुड़ी समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा, ताकि भविष्य में अंतिम संस्कार के दौरान ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।