ग्वालियर। ग्वालियर के थाटीपुर इलाके में रविवार को एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। सिगरेट न मिलने से नाराज एक युवक ने घर की बालकनी से पेट्रोल से भरी जलती हुई बोतल (पेट्रोल बम) एक किराना दुकान पर फेंक दी। इस घटना में दुकानदार और उनके दो बच्चे बुरी तरह झुलस गए। सोमवार को घटना का वीडियो भी सामने आया है।


सिगरेट नहीं मिलने पर शुरू हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, न्यू नेहरू कॉलोनी निवासी 55 वर्षीय योगेंद्र सिंह राठौर की 155 पीएनटी कॉलोनी, मेला रोड पर 'समृद्धि स्टोर' के नाम से दुकान है। रविवार को सोमेश उर्फ कोमेश विमल उनकी दुकान पर सिगरेट लेने पहुंचा। योगेंद्र ने जब माल खत्म होने की बात कही, तो सोमेश भड़क गया और दोनों के बीच कहासुनी हो गई। गुस्से में आरोपी ने दुकान के बाहर रखे डस्टबिन में लात मारी और दुकान पर पेट्रोल उंडेलने का प्रयास किया। हालांकि, वहां मौजूद लोगों ने और दुकानदार ने उससे माचिस छीन ली, जिसके बाद वह वहां से चला गया। उस समय योगेंद्र की बेटी वैष्णवी और बेटा मनु उर्फ मनुर भी दुकान पर मौजूद थे।


बालकनी से फेंकी जलती हुई बोतल, दुकान में लगी भीषण आग

विवाद के कुछ देर बाद आरोपी सोमेश अपने घर की बालकनी में पहुंचा। उसने एक बोतल में पेट्रोल भरा, उसमें कपड़े की बाती लगाई और आग लगाकर उसे नीचे दुकान की ओर फेंक दिया। दुकान पर गिरते ही बोतल फट गई और वहां भीषण आग लग गई। इस अचानक लगी आग में योगेंद्र का बेटा मनु अंदर ही फंस गया। उसे बचाने के प्रयास में योगेंद्र और उनकी बेटी वैष्णवी भी आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और किसी तरह आग बुझाकर तीनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।


पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही थाटीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाटीपुर टीआई विपेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि घायल दुकानदार योगेंद्र सिंह राठौर की शिकायत पर आरोपी सोमेश विमल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और सभी घायलों का मेडिकल कराया गया है।