कटनी, सुमित पाण्डेय। रँगनाथ थाना क्षेत्र के बरगवां में सोमवार को बंद पड़ी खदान में एक युवक का शव उतराता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने शव दिखाई देने पर रँगनाथ थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालने के लिए SDERF टीम को सूचना दी, जिसके बाद रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
SDERF टीम ने खदान से शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान इंदिरा ज्योति कॉलोनी निवासी अरुण तिवारी (32) के रूप में हुई है। बताया गया कि अरुण पेशे से ड्राइवर था। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे विधायक संजय पाठक भी रुके और विलाप कर रहे परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
मृतक की मां रुक्मणि तिवारी ने आरोप लगाया कि उनका बेटा ससुराल पक्ष से कथित रूप से परेशान रहता था। उन्होंने बताया कि पत्नी के मायके जाने और वापस ससुराल आने में आनाकानी करने को लेकर भी अरुण तनाव में रहता था। परिजनों के अनुसार इसी पारिवारिक तनाव के चलते उसके आत्महत्या करने की आशंका है।
पुलिस ने शव का रेस्क्यू कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस परिजनों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।




