दलौदा पुलिस का सख्त एक्शन, खतरनाक स्टंट करने वालों पर बड़ी कार्रवाई

Advertisement
मंदसौर। जिले में यातायात नियमों की अनदेखी और जानलेवा स्टंट करने वालों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में थाना दलौदा पुलिस ने रहवासी इलाके में खतरनाक स्टंट कर रहे युवाओं पर सख्त कार्रवाई की है।
थाना प्रभारी शुभम व्यास को सूचना मिली थी कि कुछ युवक थार वाहन, ट्रैक्टर और बुलेट मोटरसाइकिलों से सार्वजनिक और रहवासी क्षेत्रों में स्टंट कर रहे हैं, जिससे न सिर्फ उनकी खुद की जान खतरे में पड़ रही है, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा भी प्रभावित हो रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 02 ट्रैक्टर, 01 थार फोर व्हीलर और 03 बुलेट मोटरसाइकिल को जब्त किया है। सभी वाहनों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
इसके साथ ही स्टंट करने वाले युवाओं के परिजनों को थाने बुलाकर सख्त समझाइश दी गई और भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की कड़ी चेतावनी भी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
ललित शंकर धाकड़
रिपोर्टर, मंदसौर
