भोपाल/रीवा। मध्य प्रदेश में मानसून के सक्रिय होते ही राहत आयुक्त कार्यालय, भोपाल ने छतरपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। इस संबंध में जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के कलेक्टर व कमिश्नर को वायरलेस संदेश भेजकर मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी अलर्ट के अनुसार, 20 अगस्त की सुबह 8:30 बजे तक सतना, कटनी, पन्ना, दमोह और मैहर जिले के अलग-अलग स्थानों पर 115.6 से 204.4 मिलीमीटर तक अति भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। इसके अलावा सीधी, रीवा, मऊगंज, शहडोल, जबलपुर, मंडला, सागर, छतरपुर और टीकमगढ़ जिलों में 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इन जिलों में भी गरज-चमक और 30 से 40 किमी/घंटा की गति से तेज झोंकेदार हवाएं चलने के आसार हैं। राहत आयुक्त कार्यालय ने संबंधित जिलों के सभी जिलाधिकारियों, संभागीय आयुक्तों और पुलिस प्रशासन को वायरलेस संदेश भेजकर अलर्ट मोड पर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।




