भिंड, अक्षय जोशी । मध्य प्रदेश के भिंड विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत बबेडी अंतर्गत नदरौली गांव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में ग्रामीण वैशाली नदी को पार करते नजर आ रहे हैं। गांव में पुल नहीं होने के कारण लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ रही है।


ग्रामीणों के मुताबिक बाजार से सामान खरीदने, जरूरी कामकाज और आपात स्थिति में भी नदी पार करना उनकी मजबूरी बन गई है। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग तक ट्यूब, मटके या तैरकर नदी पार करते हैं। ऐसे में जरा सी चूक किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।


खास बात यह है कि नदरौली गांव पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री राजकुमार कुशवाहा का गांव बताया जा रहा है। इसके बावजूद वैशाली नदी पर पुल निर्माण का काम अब तक पूरा नहीं हो सका है। ग्रामीण लंबे समय से पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से उनकी मुश्किलें बरकरार हैं।


ग्रामीणों का कहना है कि बारिश और बाढ़ के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने पर खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इसके बावजूद लोगों को जरूरी कामों के लिए इसी रास्ते का इस्तेमाल करना पड़ता है।


वायरल वीडियो के सामने आने के बाद प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि पुल निर्माण का काम जल्द पूरा कराया जाए, ताकि उन्हें हर दिन अपनी जान जोखिम में डालकर नदी पार न करनी पड़े। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के बाद प्रशासन इस गंभीर समस्या को लेकर क्या कदम उठाता है।