छतरपुर, संदीप यादव, जावेद खान। लवकुशनगर थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की एक बड़ी कड़ी का खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह के 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों की कुल 21 चोरी की मोटरसाइकिलें जब्त की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 12 लाख रुपये बताई जा रही है।
गुरूवार को पुलिस कंट्रोल में एसपी रजत सकलेचा ने बाईक चोर गिरोह का खुलासा करते हुए बताया कि ग्राम भैरा निवासी फरियादी हनुमत सिंह की मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट पर थाना लवकुशनगर में अपराध दर्ज किया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देश पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। संदेहियों से जब बारीकी से पूछताछ की गई तो उन्होंने बाइक चोरी की घटनाओं को स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देवी सिंह यादव उम्र 38 वर्ष निवासी ग्राम भैरा, अस्सू उर्फ शिवराज यादव उम्र 37 वर्ष निवासी ग्राम भैरा, रवि शंकर नागर उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम देवी खेड़ा तथा गोविंद यादव उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम नांद थाना राजनगर को गिरफ्तार कर अभिरक्षा में ले लिया है। आरोपियों के पास से अपाचे, पैशन एचएफ डीलक्स, सीडी डीलक्स, स्पलेंडर, प्लैटिना और सीडी डॉन सहित कई अन्य मॉडल बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि ये मोटरसाइकिलें मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा एवं अन्य राज्यों से चोरी की गई थीं। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी बबलू यादव की तलाश अभी जारी है।




