छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से थाना देहात एवं कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। देर रात तक चले इस अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी।
अभियान का नेतृत्व थाना देहात प्रभारी निरीक्षक गोविंद राजपूत तथा कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष धुर्वे ने किया। संयुक्त पुलिस दल ने वीआईपी रोड, रेलवे क्रॉसिंग, शिक्षक कॉलोनी, कुकड़ा जगत, रिंग रोड सहित शहर के कई प्रमुख एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल और वाहन गश्त की।
गश्त के दौरान पुलिस ने चाय की टपरियों, सार्वजनिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले इलाकों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की तथा आवश्यक जानकारी एकत्रित की। साथ ही आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा संबंधी सुझाव दिए गए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में शांति, सुरक्षा और अपराध नियंत्रण बनाए रखने के लिए इस प्रकार के संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस की सक्रियता से जहां असामाजिक तत्वों में हड़कंप है, वहीं आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास भी मजबूत हुआ है।




