भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में सोमवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का जमावड़ा देखने को मिला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, जहां प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी पहले से मौजूद थे। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मीनाक्षी नटराजन भी बैठक में शामिल होने के लिए कार्यालय पहुंचीं।


कुछ ही देर में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के भी कांग्रेस कार्यालय पहुंचने की संभावना जताई गई। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी पार्टी कार्यालय पहुंचे। इसके अलावा तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बोम्मा महेश कुमार गौड की मौजूदगी ने बैठक को और महत्वपूर्ण बना दिया।


पार्टी सूत्रों के अनुसार संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी राजनीतिक रणनीति और विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर चर्चा को लेकर नेताओं की यह बैठक अहम मानी जा रही है। कांग्रेस कार्यालय में नेताओं की लगातार आवाजाही से राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।


इस दौरान मीडिया से चर्चा में दिग्विजय सिंह ने कहा कि वह प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अंदर होने वाले विषयों और बैठकों को लेकर सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं देते हैं। उनके इस संक्षिप्त बयान के बाद बैठक को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।