छतरपुर/घुवारा, रूपेन्द्र पाल। बमनौरा थाना क्षेत्र में 50 वर्षीय महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला की हत्या पत्थर से हमला कर किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतका की पहचान सुनतीबाई अहिरवार पति स्वर्गीय मानप्यारे अहिरवार के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही बमनौरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जांच शुरू की। मृतका के दो बेटे बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पुलिस ने दोनों बेटों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बमनौरा थाना प्रभारी अभिषेक पांडे के अनुसार, महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और हत्या में किसकी भूमिका है, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बड़ामलहरा सिविल अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और हत्या की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।




