छतरपुर, संजय अवस्थी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत टौरिया मोहल्ले में बीते दिनों हुई हिंसक घटना का आक्रोश आज सड़कों पर साफ नजर आया। हिंदू संगठनों द्वारा किए गए 'छतरपुर बंद' के आवाहन का शहर में व्यापक और ऐतिहासिक असर देखा जा रहा है। आज सुबह से ही मुख्य बाजारों समेत चौक-चौराहों की दुकानें पूरी तरह बंद रहीं। व्यापारिक महासंघों और स्थानीय दुकानदारों ने स्वतः आगे आकर इस बंद को अपना पूर्ण समर्थन दिया, जिसके चलते शहर के मुख्य बाजार पूरी तरह सन्नाटे में डूबे नजर आए।
प्रदर्शनकारी और हिंदू संगठनों के पदाधिकारी कल से ही आरोपियों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई और उनके अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाने की मांग पर अड़े हुए हैं। संगठनों का साफ कहना है कि जब तक टौरिया मोहल्ले की घटना के दोषियों पर कड़ा प्रहार नहीं होता, तब तक उनका यह विरोध अलग-अलग रूपों में जारी रहेगा। इधर, बंद के आवाहन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए टौरिया मोहल्ले, कोतवाली क्षेत्र और शहर के सभी संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल और अतिरिक्त पुलिस टुकड़ियां तैनात की गई हैं। पुलिस के आला अधिकारी लगातार खुद गश्त कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।




