छतरपुर(संजय अवस्थी)। होली के रंगों और फाग की मस्ती में डूबे शहर में छतरपुर विधायक ललिता यादव ने फाग उत्सव का भव्य आयोजन किया। नगर पालिका के प्रांगण में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में विधायक ने सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और जमकर गुलाल लगाया। इस दौरान कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां देकर माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया।
कार्यक्रम के बाद विधायक ललिता यादव होली खेलते हुए पूरे शहर में निकलीं। वे छत्रसाल चौराहा, महल रोड, चौक बाजार होते हुए बस स्टेण्ड पर पहुंची। गुलाल उड़ाते हुए वे जनता के बीच पहुंचीं और फाग की मस्ती में शामिल हुईं। शहरवासियों ने भी उत्साह से उनका साथ दिया और रंगों की होली में डूबकर खुशियां मनाईं। यह फाग उत्सव परंपरा, भाईचारे और उत्साह का प्रतीक बन गया, जहां विधायक ने आमजन के साथ मिलकर होली का आनंद लिया। जगह-जगह आमजन ने विधायक ललिता यादव का भव्य स्वागत किया।

