भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जनकल्याण को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बनाया है और उनके नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद प्रधानमंत्री मोदी सबसे लंबे समय तक देश का नेतृत्व करने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं तथा देशवासियों का उन पर अटूट विश्वास बना हुआ है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और देश के दुश्मनों को घर में घुसकर जवाब देने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने बाबा महाकाल से प्रार्थना करते हुए कहा कि वर्ष 2029 में भी प्रधानमंत्री मोदी को सफलता प्राप्त हो और उनके नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित करे।


राज्यसभा चुनाव के संदर्भ में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश की सभी 29 सीटों पर विजय प्राप्त कर इतिहास रचा था और पार्टी संगठन आज भी पूरी मजबूती एवं एकजुटता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के बल पर निरंतर सफलता प्राप्त कर रही है।


कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के मामले में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि हार के डर से जानबूझकर नामांकन पत्र में त्रुटियां की गईं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने ही प्रत्याशी का नामांकन पत्र सही तरीके से नहीं भरवा सकी, जो पार्टी की आंतरिक स्थिति और संगठनात्मक कमजोरी को दर्शाता है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने महेश केवट जैसे सामान्य कार्यकर्ता को अवसर देकर यह साबित किया है कि पार्टी में कार्यकर्ताओं को सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा राज्यसभा चुनाव में भी पूरी मजबूती के साथ सफलता हासिल करेगी।