टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। शहर के नए बस स्टैंड क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं और घटिया गुणवत्ता की शिकायतों पर नगर पालिका प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया। निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण में खामियां मिलने पर नगर पालिका प्रशासक अंजली शर्मा एवं इंजीनियर दीपक विश्वकर्मा ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का जायजा लिया और संबंधित ठेकेदार को गुणवत्ता सुधारने के कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क की सतह एवं निर्माण गुणवत्ता की जांच की। कई स्थानों पर कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर अधिकारियों ने नाराजगी व्यक्त की और निर्माण एजेंसी को फटकार लगाई। साथ ही निर्देश दिए कि जहां-जहां कमियां पाई गई हैं, वहां तत्काल सुधार कार्य कर सड़क को तकनीकी मानकों के अनुसार दुरुस्त किया जाए।
इसी दौरान क्षेत्र से गुजर रहे भाजपा के पूर्व विधायक राकेश गिरी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से चर्चा कर निर्माण कार्य की जानकारी ली। पूर्व विधायक ने कहा कि नागरिकों द्वारा सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए गए हैं और प्रशासन द्वारा काम रुकवाना इस बात का प्रमाण है कि गुणवत्ता से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
राकेश गिरी ने कहा कि जनता के धन से होने वाले विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सड़क निर्माण सहित अन्य सार्वजनिक कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नगर पालिका प्रशासक अंजली शर्मा ने कहा कि शहर में चल रहे सभी विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है। जहां भी गुणवत्ता संबंधी कमियां सामने आएंगी, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्माण एजेंसी को चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क निर्माण पूरी गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के अनुरूप होना चाहिए, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद निर्माण एजेंसी में हड़कंप की स्थिति है। वहीं स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया है। निरीक्षण के दौरान भाजपा पार्षद प्रतिनिधि अब्दुल जाहिद खान, पार्षद हबीब राइन, राजीव जैन, मुन्नालाल साहू, ध्रुव यादव सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

