मुरैना, देवेन्द्र राजपूत। जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मैदानी इलाकों में लगातार बारिश के बाद पानी छोटी-बड़ी नदियों में पहुंच रहा है, जिससे नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। कई गांवों में नदी का पानी घुसने से ग्रामीणों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
मुरैना के खीटोरा गांव में कुंवारी नदी का जलस्तर बढ़ने से हालात चिंताजनक हो गए हैं। नदी का पानी गांव के निचले इलाकों में पहुंच गया है। पानी बढ़ता देख ग्रामीण अपने बच्चों और मवेशियों के साथ सुरक्षित स्थानों की ओर निकल रहे हैं। कई परिवारों ने घर का सामान छतों पर रख दिया है और जरूरी सामान लेकर गांव से बाहर जा रहे हैं।
लगातार बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है। ग्रामीणों के मुताबिक करीब ढाई सौ बीघा से अधिक खेतों में खड़ी फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। खेतों में पानी भरने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
ग्रामीणों की परेशानी इसलिए भी बढ़ रही है क्योंकि कुंवारी नदी में आसपास की छोटी नदियों और जलस्रोतों का पानी लगातार पहुंच रहा है। इसके चलते नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। ग्रामीणों में अब और पानी बढ़ने को लेकर चिंता बनी हुई है। स्थानीय लोग प्रशासन से राहत, सुरक्षित स्थान और आवश्यक मदद उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।




