मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नालों में उफान की स्थिति बनी हुई है। खेरली-पचोखरा मार्ग पर बने नाले के रपटे के ऊपर करीब चार फीट पानी बह रहा है। इसके बावजूद ग्रामीण जान जोखिम में डालकर रपटा पार करने को मजबूर हैं।
रपटे पर पानी का तेज बहाव होने के कारण पचोखरा, नरसिंहपुर, रामलालपुरा और भैरूसिंह का पुरा गांवों का मुख्य मार्ग से संपर्क प्रभावित हो गया है। आवागमन बाधित होने के बावजूद ग्रामीण जरूरी कामों के लिए जोखिम उठाकर नाला पार कर रहे हैं।
स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भंडारा बनाने वाले लोगों को पच्छा में बैठाकर रपटा पार कराया जा रहा है। वहीं, मरीजों को भी इसी तरह पानी से भरे रपटे को पार कराया जा रहा है। तेज बहाव के बीच इस तरह लोगों का आवागमन किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान हर साल रपटे पर पानी भर जाता है, जिससे आसपास के गांवों का संपर्क प्रभावित होता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था कराने और समस्या का स्थायी समाधान किए जाने की मांग की है।




