छतरपुर, संजय अवस्थी। तंजीम अताये मुस्तफा अल्पसंख्यक कल्याण समिति के तत्वावधान में रविवार को शहर के नया मोहल्ला स्थित खानकाह में मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 10वीं और 12वीं में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मुस्लिम समाज के 82 मेधावी छात्र-छात्राओं को उपहार, शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर हाजी शहजाद अली ने कहा कि प्रतिभावान बच्चों का सम्मान करने से उनका हौसला बढ़ता है और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार देना भी जरूरी है, ताकि वे अपना लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करें।
उन्होंने कहा कि समाज के बच्चों की प्रतिभा को आगे बढ़ाने और उनके प्रयासों को सफल बनाने के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे। समारोह में सम्मानित होने वाले छात्र-छात्राओं और उनके परिजनों में भी उत्साह देखने को मिला।




