भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र निरस्त किए जाने के विरोध में राष्ट्रीय छात्र संघ (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए नामांकन निरस्त किए जाने को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया।


प्रदर्शन की विशेष बात यह रही कि कई NSUI कार्यकर्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की गणवेश पहनकर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया में निष्पक्षता का अभाव रहा है और सत्तारूढ़ दल के दबाव में निर्णय लिया गया है। उन्होंने निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।


NSUI नेताओं ने कहा कि कांग्रेस की उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किया जाना लोकतंत्र की भावना के विपरीत है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने तथा चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।


प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। NSUI ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।