दमोह/हटा, सुदीप नगरिया । जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी एवं रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर रविवार 23 अगस्त को गैसाबाद थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आपसी भाईचारा बनाए रखने को लेकर चर्चा हुई।
थाना प्रभारी सौरभ शर्मा एवं मुराछ चौकी प्रभारी बी.एस. हजारी ने उपस्थित गणमान्य नागरिकों से आगामी त्योहारों को आपसी सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। बैठक में नागरिकों ने त्योहारों से संबंधित विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव भी रखे।
इस दौरान आगामी गणेश विसर्जन को लेकर भी चर्चा की गई। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यारमा नदी में विसर्जन घाट की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर सुझाव दिए गए।
बैठक में लक्ष्मण तिवारी, नेतराम पटेल, विनोद अहिरवार, अजीज खां, जुम्मन खां, लल्लू खां, जितेंद्र चौरसिया सहित थाना क्षेत्र के अन्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के साथ मनाने पर सहमति जताई।




