दमोह, राजेन्द्र तिवारी। बटियागढ़ थाना क्षेत्र और नरसिंहगढ़ चौकी की सीमा पर सुनार नदी के डेम में नहाने के दौरान डूबे दो युवकों में से सोमवार को एक का शव रेस्क्यू टीम ने बरामद कर लिया। हादसे के बाद से पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें लगातार नदी में तलाशी अभियान चला रही थीं।
सोमवार सुबह से रेस्क्यू अभियान के दौरान टीम को कुटरी घाट के पास सफलता मिली। यहां देवेंद्र पटेल, निवासी दुकान, का शव बरामद किया गया। शव मिलने की पुष्टि बटियागढ़ थाना की फुटेरा चौकी प्रभारी आनंद अहिरवार और मृतक के परिजनों ने की।
रेस्क्यू टीम ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए बटियागढ़ स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां पंचनामा सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। वहीं, हादसे में डूबे दूसरे युवक दिनेश पटेल की तलाश अभी भी जारी है। पुलिस और रेस्क्यू टीमें नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।




