नई दिल्ली। भारतीय टी20 टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा को एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) मेंस राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए 'इंडिया ए' टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। पुरुष चयन समिति ने 15 सदस्यीय टीम में आईपीएल के दो बार के विजेता कप्तान रजत पाटीदार को 'उपकप्तान' चुना है। यह टूर्नामेंट 19 से 29 नवंबर तक कतर के दोहा में खेला जाएगा।
टीम में प्रभसिमरन सिंह और कुमार कुशाग्र विकेटकीपर के तौर पर शामिल हैं। इनके अलावा, टीम में अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, रिंकू सिंह, प्रिंस यादव, सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद और हर्ष दुबे भी मौजूद हैं।
सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर हर्षित राणा भी इस टीम में शामिल हैं। हर्षित हैमस्ट्रिंग की चोट से उबरने के लिए बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) गए थे, लेकिन वहां एक मैच सिमुलेशन के दौरान 'रेक्टस फेमोरिस' (जांघ की मांसपेशी) में खिंचाव आ गया था, जिससे उबर रहे हैं।
टीम के शेष सदस्यों में तनुष कोटियन, विपराज निगम और अरशद खान शामिल हैं। इसका मतलब यह भी है कि ये खिलाड़ी अपनी-अपनी राज्य टीमों की तरफ से 'सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी' के एक बड़े हिस्से में नहीं खेल पाएंगे।
इंडिया ए को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), नेपाल और पाकिस्तान ए के साथ 'ग्रुप बी' में रखा गया है। 'ग्रुप ए' में बांग्लादेश ए, श्रीलंका ए, अफगानिस्तान ए और हांगकांग, चीन शामिल हैं।
भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 20 नवंबर को वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल स्टेडियम में नेपाल के खिलाफ करेगी। वे 22 नवंबर को उसी मैदान पर पाकिस्तान ए का सामना करेंगे, और फिर 24 नवंबर को यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी में यूएई के खिलाफ अपना ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच खेलेंगे। प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जो क्रमशः 26 और 27 नवंबर को खेले जाएंगे। फाइनल मुकाबला 29 नवंबर को आयोजित होगा।
इंडिया ए की टीम: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (कप्तान), रजत पाटीदार (उपकप्तान), रिंकू सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विपराज निगम, हर्ष दुबे, तनुष कोटियन, हर्षित राणा, प्रिंस यादव और अरशद खान।














