रायसेन, देवेन्द्र मिश्रा। जिले में शुक्रवार को स्टेट हाईवे 44 और स्टेट हाईवे 15 पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पहला हादसा सिलवानी-गैरतगंज मार्ग स्थित स्टेट हाईवे 44 पर हुआ, जहां तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार बाइक सवार युवक सिलवानी से धौलपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में 22 वर्षीय तुलसी रजक निवासी चिचोली तथा 24 वर्षीय संदीप साहू निवासी हिनोतिया गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और डायल-112 पुलिस की सहायता से दोनों घायलों को सिविल अस्पताल सिलवानी पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला चिकित्सालय रायसेन रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा डंपर चालक की तलाश की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना का कारण डंपर की तेज रफ्तार रही। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर यातायात नियंत्रण सख्त करने और तेज गति से चलने वाले वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं दूसरा हादसा स्टेट हाईवे 15 स्थित सागर-सियरमऊ रोड के खमेरा तिराहे पर हुआ। यहां बाइक और ट्रैक्टर की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार प्रयांश निवासी ग्राम थाना सुल्तानगंज गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर डायल-112 मौके पर पहुंची और घायल को सिविल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

