हेमंत गुर्जर

देवास। देवास से एक बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक विवादित सरकारी आदेश के बाद उज्जैन संभाग आयुक्त आशीष सिंह ने देवास के एसडीएम आनंद मालवीय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

दरअसल मामला 3 जनवरी 2026 का है। कांग्रेस के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम कार्यालय से एक ड्यूटी आदेश जारी किया गया था। लेकिन इस आदेश में सामान्य प्रशासनिक भाषा के बजाय राजनीतिक टिप्पणियां, इंदौर में कथित गंदे पानी से हुई मौतों का जिक्र और कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से जुड़ी आपत्तिजनक बातें शामिल कर दी गईं।

आदेश सामने आने के बाद कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने जांच रिपोर्ट संभाग आयुक्त को सौंपी, जिसके आधार पर एसडीएम आनंद मालवीय को सस्पेंड किया गया। वहीं आदेश तैयार करने में शामिल सहायक ग्रेड-3 अमित चौहान को भी निलंबित किया गया है। निलंबन आदेश में कहा गया है कि बिना सत्यापन के संवेदनशील और गलत तथ्यों का इस्तेमाल करना म.प्र. सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के तहत कदाचार है। निलंबन अवधि में आनंद मालवीय का मुख्यालय उज्जैन रहेगा और उन्हें केवल जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। इधर अभिषेक शर्मा को देवास का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है। प्रशासनिक हलकों में इस पूरे मामले को गंभीर कॉपी-पेस्ट लापरवाही माना जा रहा है।