गंधवानी, भानु प्रकाश शर्मा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन एवं देशसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘वडनगर से वाराणसी—एक यात्रा, सेवा के नाम’ यात्रा का धार ग्रामीण जिले में भव्य स्वागत किया गया। यात्रा के टांडा एवं गंधवानी पहुंचने पर भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।


सोमवार शाम करीब 5 बजे यात्रा के गंधवानी पहुंचने पर बलवारी चौपाटी पर बड़ी संख्या में लोगों ने स्वागत किया। इसके बाद यात्रा आईटीआई एकलव्य परिसर पहुंची, जहां ‘सेवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इस दौरान वडनगर से वाराणसी तक यात्रा कर रहे यात्रियों का स्वागत-सम्मान किया गया।


कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। यात्रा से जुड़े सदस्यों ने स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। यात्रा के माध्यम से जल, जंगल और जमीन के संरक्षण, जल संवर्धन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण और जनजागरूकता का संदेश दिया जा रहा है।


यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर लाभार्थी संवाद, पौधारोपण, स्वच्छता अभियान एवं अन्य सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। गुजरात के वडनगर से शुरू हुई यह यात्रा उत्तर प्रदेश के वाराणसी तक जाएगी और विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए 55 जिलों में सेवा एवं जनसंपर्क से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होगी।


यात्रा के आयोजन में भाजपा जिलाध्यक्ष चंचल पाटीदार, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदारसिंह मेहड़ा सहित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही। यात्रा संयोजक उज्ज्वल सिंह सोलंकी, यात्रा प्रभारी एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश मोटसरा तथा सह-प्रभारी ऋषभ पाटनी व्यवस्थाओं में जुटे रहे। गंधवानी के बाद यात्रा मनावर के लिए रवाना हुई। 22 सितंबर को मनावर, बाकानेर, उमरबन, धरमपुरी एवं नालछा-बावड़ी क्षेत्र में सेवा एवं जनसंपर्क कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।