उमरिया, तपस गुप्ता। जिला अस्पताल उमरिया के सिविल सर्जन डॉ. के.सी. सोनी पर लगे गंभीर आरोपों ने जिले के स्वास्थ्य महकमे में हलचल मचा दी है। एक 20 वर्षीय युवक ने कलेक्टर को शिकायत सौंपकर आरोप लगाया है कि उसे रात के समय एक सुनसान स्थान पर बुलाया गया, जहां उसके साथ अशोभनीय व्यवहार किया गया तथा अनुचित शारीरिक संपर्क करने का प्रयास किया गया। युवक ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


शिकायतकर्ता का आरोप है कि विरोध करने पर उस पर और उसके साथियों पर झूठे आरोप लगाकर दबाव बनाने की कोशिश की गई। युवक के अनुसार उसने तत्काल अपने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और मामला पुलिस तक पहुंचा।


मामला सामने आने के बाद जिलेभर में चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर घटना से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार अपर जिला दंडाधिकारी (एडीएम) के नेतृत्व में जांच की जा रही है। जांच के दौरान शिकायतकर्ता, संबंधित अधिकारी तथा अन्य संभावित गवाहों के बयान दर्ज किए जाएंगे। साथ ही उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, कॉल डिटेल और अन्य तथ्यों की भी जांच की जाएगी।


कोतवाली थाना प्रभारी मदनलाल मरावी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे जिले की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।