मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। शहर के नेहरू बस स्टैंड स्थित नाकोडा कॉम्प्लेक्स में दुकानों के ताले तोड़कर मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करने वाले शातिर आरोपी को शहर थाना कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया करीब 83 हजार 500 रुपए मूल्य का सामान भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार 7 और 8 जून की दरमियानी रात अज्ञात बदमाश ने नाकोडा कॉम्प्लेक्स स्थित कई दुकानों के ताले तोड़कर मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिया था। सुबह जब व्यापारी दुकानें खोलने पहुंचे तो ताले टूटे मिले और सामान गायब था। घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त हो गया तथा पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी मंदसौर से भागकर राजस्थान पहुंच गया है। इसके बाद पुलिस टीम ने राजस्थान के सांवरिया सेठ मंदिर क्षेत्र में दबिश देकर एक लॉज से आरोपी सुनील शर्मा (19) निवासी ग्राम कुचड़ौद को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किए गए 5 एंड्रॉइड मोबाइल, 1 कीपैड मोबाइल, एक स्मार्ट वॉच तथा अन्य मोबाइल एसेसरीज बरामद की हैं। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 83 हजार 500 रुपए आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। प्रारंभिक जांच में उसके पहले भी चोरी की वारदातों में शामिल रहने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।




