नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर गठबंधन की राजनीति, असदुद्दीन ओवैसी-चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन और समाजवादी पार्टी के साथ सीटों के बंटवारे पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गठबंधन मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगा, लेकिन सीटों को लेकर बातचीत सार्वजनिक मंच पर करने का विषय नहीं है। मसूद ने इस बात पर जोर दिया कि गठबंधन के फैसले में देरी नुकसानदायक हो सकती है और चुनाव में जीत हासिल करना सबसे महत्वपूर्ण लक्ष्य होना चाहिए।उत्तर प्रदेश में एआईएमआईएम और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन को लेकर इमरान मसूद ने कहा कि चुनाव के समय राजनीतिक दलों के बीच गठबंधन होना सामान्य बात है। कोई एक दल अपना गठबंधन बनाएगा तो दूसरे दल भी अपने स्तर पर गठबंधन करेंगे। हालांकि, उन्होंने कहा कि देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति स्पष्ट है और लड़ाई दो विचारधाराओं के बीच है। एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दूसरी तरफ राहुल गांधी की विचारधारा है। उन्होंने कहा कि अब बीच की राजनीति का कोई खास मतलब नहीं रह गया है।
जब उनसे पूछा गया कि दोनों दलों ने कांग्रेस को भी गठबंधन में शामिल होने और मिलकर चुनाव लड़ने का न्योता दिया है, तो मसूद ने कहा कि दोनों नेता उनके भाई जैसे हैं। एक उनसे बड़ा है और दूसरा छोटा। दोनों सांसद हैं और उनकी दो पार्टियां हैं, जबकि कांग्रेस सौ सांसदों वाली देश की सबसे पुरानी पार्टी है। ऐसे में कांग्रेस को गठबंधन में शामिल होने का न्योता दिए जाने पर वह क्या जवाब दें, यह सवाल उन्होंने पत्रकारों के सामने रखा।
प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करने संबंधी सैम पित्रोदा के बयान पर मसूद ने कोई विस्तृत टिप्पणी नहीं की। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति के जो विचार हैं, उसने उसी के अनुसार अपनी बात कही होगी। इस बारे में उनसे ही सवाल किया जाना चाहिए। हालांकि, मसूद ने अपनी व्यक्तिगत राय जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी में दयालुता नजर नहीं आती। उन्होंने यह भी कहा कि हर व्यक्ति का अपना नजरिया होता है।
2027 विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी के साथ सीट-शेयरिंग पर बातचीत के सवाल पर इमरान मसूद ने कहा कि इन विषयों पर सार्वजनिक रूप से चर्चा नहीं की जा सकती। सारी बातें गठबंधन के भीतर होंगी। उन्होंने भरोसा जताया कि गठबंधन मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगा। मसूद ने कहा कि उनका पहले दिन से मानना रहा है कि गठबंधन को लेकर फैसला जल्द हो जाना चाहिए। जितनी देर होगी, उतना नुकसान हो सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सवाल केवल सीटों का नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश में परेशान लोगों के लिए चुनाव लड़ने और जीत हासिल करने का है।
सीटों की संख्या और जीत के संबंध पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि जीत महत्वपूर्ण है और वे भी इसी बात का समर्थन करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव लड़ने के लिए सीटें मिलना जरूरी है। कितनी सीटों पर कौन चुनाव लड़ेगा, इसका फैसला पार्टी करेगी।













