छतरपुर। जिले में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आ गए हैं और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। देरी रोड पर उर्मिल नदी का पानी पुल के ऊपर पहुंचने से आवागमन प्रभावित हुआ है। इसके बावजूद कुछ लोग जान जोखिम में डालकर पुल पार करते नजर आए। अत्यधिक बारिश को देखते हुए रनगुवां बांध के सात गेट खोल दिए गए हैं।
बारिश के कारण नौगांव-कुलपहाड़ मार्ग पर दोनों नाले ओवरफ्लो हो गए। सड़क पर तेज बहाव के साथ पानी आने के बाद प्रशासन ने दोनों ओर बैरिकेड लगाकर आवागमन बंद कर दिया। नौगांव से बेलाताल और राठ की ओर जाने वाले मार्ग पर भी लोगों को सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है। वार्ड क्रमांक-1 की ओर जाने वाले मार्ग पर पानी भरने से परम कॉलोनी के रहवासी प्रभावित हुए हैं। मौके पर नायब तहसीलदार प्रदीप लोधी के साथ पीडब्ल्यूडी, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस का अमला तैनात रहा।
लगातार बारिश का असर किसानों पर भी पड़ा है। ग्रामीण क्षेत्रों में तिल और उड़द की फसलों को नुकसान की सूचना है। प्रशासन द्वारा प्रभावित फसलों का सर्वे कराने की बात कही गई है। वहीं नगर में नालियां ओवरफ्लो होने से निचले इलाकों और सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। पहले से चिन्हित जर्जर भवन भी लगातार बारिश के बीच खतरा बने हुए हैं।
शिवसागर तालाब का जलस्तर बढ़ा, रिहायशी इलाकों में पहुंचा पानी
महाराजपुर में लगातार तेज बारिश के चलते शिवसागर तालाब का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार तालाब का पानी आसपास के रिहायशी इलाकों और कृषि भूमि तक पहुंच गया है। खुजली नहर से तेज रफ्तार में पानी तालाब में पहुंच रहा है, जबकि ओवरफ्लो के जरिए अपेक्षाकृत कम पानी बाहर निकलने की बात कही जा रही है। टिकुरिया घाट के ऊपर मैदान तक पानी पहुंचने और बंधान पर निर्धारित सीमा से अधिक पानी होने की सूचना है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल निरीक्षण और जलस्तर की निगरानी की मांग की है। लोगों का दावा है कि मौजूदा जलस्तर वर्ष 2014 के भारी बारिश के दौरान बने स्तर से भी आगे पहुंच गया है।
जिले में अब तक 41.5 इंच बारिश
26 सितंबर को जिले में सबसे अधिक 5.4 इंच बारिश गौरिहार और सबसे कम 1 इंच बारिश बक्स्वाहा में दर्ज की गई। छतरपुर में 2.6, लवकुशनगर में 3.5, बिजावर में 2.3, नौगांव में 3.6, राजनगर में 4.4 और बड़ामलहरा में 1.9 इंच बारिश हुई। जिले में अब तक लगभग 41.5 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। विकासखंडवार अब तक छतरपुर में 30.8, लवकुशनगर में 47, बिजावर में 34.5, नौगांव में 41.7, राजनगर में 40.3, गौरिहार में 53.8, बड़ामलहरा में 48.7 और बक्स्वाहा में 35.6 इंच बारिश दर्ज हुई है।
बच्चों के लिए आज स्कूलों में अवकाश
लगातार बारिश को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर 26 सितंबर को जिले में बच्चों के लिए स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। शिक्षक पूर्ववत विद्यालयों में उपस्थित होकर कार्य करेंगे। अपरिहार्य कारणों से स्कूल नहीं पहुंच पाने वाले शिक्षकों की उपस्थिति का सत्यापन संकुल प्राचार्य एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा किए जाने पर उसे मान्य माना जाएगा। वहीं सीएम हेल्पलाइन शिकायतों एवं कर्मचारी समस्या समाधान शिविर 26 और 27 सितंबर को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित रहेगा।
नानपारा रोड पर कच्चा मकान ढहा, परिवार बाल-बाल बचा
छतरपुर शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित नानपारा रोड के नट मोहल्ले में शनिवार सुबह बबलू खान का कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद थे, लेकिन सभी बाल-बाल बच गए। मकान पहले से जर्जर हालत में था और लगातार बारिश के कारण उसकी दीवारें और कमजोर हो गई थीं। मकान पूरी तरह जमींदोज होने के बाद परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। परिजनों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर आर्थिक सहायता और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। आसपास के लोगों ने हादसे के बाद परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।














