इंदौर। मध्य प्रदेश में मनमाड़-इंदौर नई रेल लाइन परियोजना को धरातल पर उतारने की दिशा में अहम कदम आगे बढ़ा है। मध्य रेलवे ने वणिहार (सेंधवा) से ग्यासपुरखेड़ी (धामनोद) के बीच 75.5 किलोमीटर लंबे रेलखंड के निर्माण के लिए 2,548.37 करोड़ रुपये का ईपीसी (EPC) टेंडर जारी कर दिया है। इससे पूर्व डॉ. आंबेडकर नगर (महू) से ग्यासपुरखेड़ी तक 72.66 किलोमीटर रेलखंड के लिए लगभग 4,930.91 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया जा चुका है। इस प्रकार परियोजना के दो प्रमुख हिस्सों के लिए निविदा प्रक्रिया गति पकड़ चुकी है। मनमाड़-इंदौर रेल संघर्ष समिति के प्रमुख मनोज मराठे ने बताया कि इस अनुमानित लागत वाले रेलखंड में रेलवे लाइन निर्माण के साथ-साथ सुरंगें, बड़े पुल, ट्रैक बिछाने, आधुनिक सिग्नलिंग और विद्युतीकरण जैसे कार्य शामिल होंगे। निर्माण कार्य के लिए चार वर्ष की समयसीमा तय की गई है। निविदा की पहली प्री-बिड बैठक 31 दिसंबर को आयोजित होगी, बोली जमा करने की अंतिम तिथि 18 मार्च 2027 निर्धारित है और तकनीकी बोलियां 19 मार्च 2027 को खोली जाएंगी।
भौगोलिक जटिलताओं से दोनों खंडों की लागत में बड़ा अंतर
महू से ग्यासपुरखेड़ी तक 72.66 किमी लाइन के लिए 4,930.91 करोड़ रुपये और ग्यासपुरखेड़ी से सेंधवा तक 75.5 किमी लाइन के लिए 2,548.37 करोड़ रुपये का टेंडर जारी हुआ है। दोनों खंडों की लंबाई में केवल 2.84 किलोमीटर का अंतर है, लेकिन पहले खंड की अनुमानित लागत दूसरे के मुकाबले लगभग दोगुनी है। इसकी मुख्य वजह भौगोलिक परिस्थितियों और निर्माण की जटिलता में अंतर होना है। महू से ग्यासपुरखेड़ी के बीच मानपुर घाट का कठिन क्षेत्र, नर्मदा नदी पर प्रस्तावित पुल, कई बड़े रेलवे ब्रिज, सुरंगें और बड़े वायडक्ट बनाने होंगे, जिनके लिए पहाड़ी इलाके में भारी इंजीनियरिंग कार्यों की आवश्यकता होगी। इसके विपरीत ग्यासपुरखेड़ी से सेंधवा खंड की अनुमानित लागत अपेक्षाकृत कम है, जिसमें सुरंग, पुल, ट्रैक, सिग्नलिंग और विद्युतीकरण के कार्य होंगे।
परियोजना में भूगर्भीय हालात को भी ध्यान में रखा जा रहा है। राष्ट्रीय भूभौतिकीय अनुसंधान संस्थान (NGRI) हैदराबाद की रिपोर्ट के अनुसार, धुले, सेंधवा, अबू घाटी और सिहोड़ क्षेत्र में 29 ग्राउंड टीईएम सर्वेक्षण किए गए हैं। रिपोर्ट में अधिकांश सुरंगों के उथले स्तर और बेसाल्ट चट्टानों से गुजरने की जानकारी दी गई है तथा जल रिसाव वाली कमजोर चट्टानों पर विशेष तकनीकी सावधानी बरतने की जरूरत बताई गई है। मराठे के अनुसार, रेलवे अधिकारियों को पूरी परियोजना को तीन से चार हिस्सों में बांटकर अलग-अलग डीपीआर (DPR) तैयार करने और प्रत्येक खंड के लिए स्वतंत्र टेंडर जारी करने का सुझाव दिया गया था, ताकि समानांतर रूप से काम शुरू हो सके, गति मिले और लागत में अनावश्यक वृद्धि रोकी जा सके। लगभग 75-75 किलोमीटर के हिस्सों में निविदा प्रक्रिया उसी दिशा में उठाया गया कदम है।
ये भी पढ़ें




मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में बनेंगे कई नए स्टेशन
इस रेल लाइन के निर्माण के तहत मध्य प्रदेश में कैलोद, कमदपुर, झाड़ी बरोदा, सराय तालाब, नीमगढ़, चिक्तयाबड़, ग्यासपुरखेड़ी, कोठड़ा, जरवाह, अजंदी, बघाड़ी, कुसमारी, जुलवानिया, सली कलां, वनिहार, बवादड़ और मालवा स्टेशन बनेंगे। वहीं महाराष्ट्र में सांगवी, लोकी, शिरपुर, दभाक्षी, कस्बे ललिंग्नान, पूरमपेड़ा, झांझ, छीकाहोल, मालेगांव, यसगांव बीके, मेहुन, चोंधी और खटगांव में नए स्टेशन बनेंगे, जबकि मनमाड़, न्यू धुले और नरदाना स्टेशन बनाए जाएंगे।
परियोजना की मुख्य झलक:
कुल लंबाई: लगभग 309 किलोमीटर
अनुमानित कुल लागत: 18,036.25 करोड़ रुपये
केंद्र की अंतिम मंजूरी: 2 सितंबर 2024















