सतना, सजल कुमार रजक। पेप्टेक ग्रुप की ओर से बतखर स्थित बोनांजा स्कूल में किड्स आर्ट फेस्टिवल का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में नर्सरी से कक्षा पहली तक के 300 से अधिक बच्चों ने हिस्सा लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नन्हे बच्चों ने ड्राइंग के माध्यम से अपनी कल्पनाओं को रंगों में ढालकर कागज पर खूबसूरत चित्र उकेरे।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। किसी ने प्रकृति को चित्रों में उतारा तो किसी ने अपनी कल्पनाओं के रंग बिखेरे। कम उम्र में बच्चों की कलात्मक अभिव्यक्ति और रचनात्मक सोच ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

इस अवसर पर बोनांजा स्कूल की प्रिंसिपल ने पेप्टेक ग्रुप की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों की रचनात्मक क्षमता को निखारने और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराने की पहल को सराहनीय बताया।

पेप्टेक ग्रुप की इस पहल का उद्देश्य बच्चों को शुरुआती उम्र से ही कला और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना, उनकी प्रतिभा को पहचानना और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।

आयोजकों के मुताबिक, किड्स आर्ट फेस्टिवल का फाइनल राउंड आगामी 21 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। इसमें चयनित बच्चे अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

इस अवसर पर पेप्टेक ग्रुप की ओर से अखिल सर, शाहनाज मैम, अनुपमा, श्रेया सिंह और अमन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों की कलाकृतियों और उनके उत्साह की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया। पेप्टेक ग्रुप का यह आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने और उसे बड़े मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर देने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।