श्योपुर, उत्तम सिंह। राष्ट्रपति Droupadi Murmu ने अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान Kuno National Park में स्थित चीता कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का भ्रमण कर चीता परियोजना की प्रगति का अवलोकन किया। राष्ट्रपति ने परिसर में आयोजित चीता प्रदर्शनी का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से परियोजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में देश में 52 चीते हैं, जिनमें से 49 कुनो नेशनल पार्क में मौजूद हैं, जबकि तीन चीतों को Gandhi Sagar Wildlife Sanctuary भेजा गया है।


राष्ट्रपति को चीतों की निगरानी, ट्रैकिंग व्यवस्था और उनके संरक्षण के लिए विकसित सुविधाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि जंगल में प्रत्येक दो किलोमीटर पर वाटर पिट बनाए गए हैं, जिनमें आवश्यकता अनुसार पानी उपलब्ध कराया जाता है। इस दौरान राष्ट्रपति को बोत्सवाना से लाए गए चीतों की गतिविधियों और भारत में उनके सफल पुनर्स्थापन की जानकारी भी दी गई। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति ने अपनी बोत्सवाना यात्रा के दौरान आठ चीतों को रिसीव किया था, जिन्हें बाद में कुनो लाया गया।


इससे पूर्व राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू भारतीय वायुसेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर से कुनो नेशनल पार्क पहुंचीं, जहां राज्यपाल Mangubhai Patel, प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला, सांसद शिवमंगल सिंह तोमर सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं वन विभाग के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति कुनो में रात्रि विश्राम करेंगी तथा चीता पुनर्स्थापन परियोजना को लेकर वन विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण चर्चा करेंगी।