मुंबई। वेब सीरीज 'शक: ट्रस्ट नो वन' की सक्सेस पार्टी से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने फैल रही अटकलों पर प्रतिक्रिया दी है। जेनिफर विंगेट को अपनी "फेवरेट गर्ल" बताते हुए परिणीति ने उन लोगों को आड़े हाथों लिया, जो कुछ मिनटों की लोकप्रियता के लिए बेवजह विवाद खड़ा कर रहे हैं। अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने साफ किया कि वायरल वीडियो को गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा है और दोनों के बीच किसी तरह की अनबन नहीं है। उन्होंने इंस्टाग्राम के स्टोरीज सेक्शन में एक नोट लिखा, जिसमें उन्होंने बताया कि दो दिनों से वह और जेनिफर ऐसे पत्रकारों के वीडियो देखकर हंस रही हैं।

अभिनेत्री ने लिखा, "पिछले दो दिनों से मैं और जैनी कुछ 'क्रिएटिव' वीडियो देख रहे हैं, जो खुद को पत्रकार बताने वाले लोगों ने बनाए हैं और इसमें मजाक तो उनका ही बन रहा है, क्योंकि हम हंस रहे हैं। आपकी ये बातें सिर्फ उन्हें बेवकूफ दिखाती हैं।"

जेनिफर की एक्टिंग की तारीफ करते हुए परिणीति ने लिखा, "वेब सीरीज 'शक: ट्रस्ट नो वन' में जैनी का अभिनय देखकर मैं उनकी फैन हो गई हूं। जैनी मेरी फेवरेट थी, है और हमेशा रहेगी। वह ‘शक’ में मेरी फेवरेट थी और क्या शानदार एक्ट्रेस है। जो लोग कुछ मिनटों की पब्लिसिटी के लिए कंट्रोवर्सी बना रहे हैं, लेकिन एंटरटेनमेंट के लिए थैंक्स। हमें हंसने के लिए कुछ तो मिला।"

ऑनलाइन रिएक्शन आने के बाद जेनिफर ने भी इस मामले पर सफाई देते हुए एक बयान शेयर किया था।

बता दें कि वेब सीरीज 'शक: ट्रस्ट नो वन' की सक्सेस पार्टी के दौरान केक-कटिंग सेरेमनी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें एक्ट्रेस जेनिफर विंगेट पीछे खड़ी नजर आ रही थीं। इसके बाद कुछ यूजर्स ने यह अफवाह फैलाना शुरू कर दिया कि लीड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा ने जेनिफर को इग्नोर किया या साइडलाइन कर दिया है। उनका यह भी कहना है कि परिणीति खुद को बड़ी कलाकार मानती हैं, जिस वजह से वह सीरीज के अन्य को-स्टार्स, यहां तक कि जेनिफर तक को फॉलो भी नहीं करती हैं।