खजुराहो, तुलसीदास सोनी। कड़ाके की ठंड में मानवता की गर्माहट बिखेरते हुए पर्यटक सहायक एसोसिएशन खजुराहो ने एक सराहनीय पहल की। विश्वविख्यात मतंगेश्वर महादेव मंदिर परिसर स्थित निवास में रह रहे जरूरतमंद एवं असहाय लोगों को कंबल वितरित कर ठंड से राहत पहुंचाई गई।
कार्यक्रम के दौरान पर्यटक सहायक संगठन खजुराहो के अध्यक्ष हल्के भैया दुबे ने कहा खजुराहो सिर्फ पत्थरों में उकेरा गया इतिहास नहीं, बल्कि जीवित मानवता की पहचान है। जब तक समाज का अंतिम व्यक्ति सुरक्षित और सम्मान के साथ नहीं जिएगा, तब तक हमारी जिम्मेदारी समाप्त नहीं होती। पर्यटक सहायक एसोसिएशन सेवा और संवेदना के इस कार्य को निरंतर आगे बढ़ाएगी।
कंबल वितरण में प्रमुख भूमिका निभाने वाले परशुराम तिवारी ने कहा मतंगेश्वर महादेव की पावन धरती पर जरूरतमंदों की सेवा करना सौभाग्य की बात है। ठंड में एक कंबल भी किसी के लिए जीवनरक्षक बन सकता है। हम संकल्प लेते हैं कि सेवा का यह सिलसिला कभी रुकेगा नहीं।
कंबल पाकर लोगों के चेहरों पर राहत, संतोष और विश्वास साफ झलकता दिखाई दिया। उन्होंने पर्यटक सहायक एसोसिएशन के इस मानवीय प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना की। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा, शांति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। पर्यटक सहायक एसोसिएशन खजुराहो ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ठंड, आपदा या किसी भी सामाजिक आवश्यकता के समय संगठन जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा।

