जबलपुर, अनुराग शुक्ला। जबलपुर में केंद्र सरकार के खिलाफ इंडिया गठबंधन और कई सामाजिक संगठनों ने मिलकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रशासन द्वारा मशाल यात्रा की अनुमति न दिए जाने पर प्रदर्शनकारियों ने कैंडल और बल्ब जलाकर प्रतीकात्मक मशाल यात्रा निकाली। यह पैदल मार्च मालवीय चौक से शुरू होकर शहर के विभिन्न रास्तों से गुजरा, जहां कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।
कई राजनीतिक दलों और संगठनों का मिला समर्थन
इस प्रदर्शन में विपक्षी एकजुटता साफ नजर आई। कार्यक्रम में कांग्रेस, आरजेडी, समाजवादी पार्टी, सीपीआई, सीपीएम और राष्ट्रीय समानता दल के अलावा किसान यूनियन और अखिल भारतीय बौद्ध महासभा के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
संविधान बचाने के लिए जबलपुर से दिल्ली तक जारी रहेगा संघर्ष: राम रतन यादव
इंडिया गठबंधन के नेता राम रतन यादव ने कहा कि गठबंधन लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संकल्पित है। उन्होंने मीडिया से कहा कि जैसे दिल्ली में सभी विपक्षी दल एकजुट होकर जनता की आवाज उठा रहे हैं, वैसे ही जबलपुर में भी गठबंधन के सभी घटक दल मिलकर लोकतंत्र की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करेंगे।













