छतरपुर, विनोद मिश्रा। टौरिया मुहल्ला मामले को लेकर जिले की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। जिले के दौरे पर पहुंचीं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष एवं अधिवक्ता अश्विनी परांजपे राजवाड़े ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि मामले में कानून अपना काम कर रहा है और कार्रवाई नियमानुसार आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन से जुड़े मुद्दे को महिला स्वाभिमान से जोडऩा उचित नहीं है। कांग्रेस इस मामले को राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि प्रशासन और कानून व्यवस्था अपने स्तर पर कार्य कर रहे हैं।
अश्विनी परांजपे ने भाजपा सरकार की महिला हितैषी नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण और उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि भाजपा महिला मोर्चा में जल्द ही महिलाओं को नई संगठनात्मक जिम्मेदारियां और पद दिए जाएंगे, जिससे संगठन और अधिक मजबूत होगा।
इस अवसर पर महिला मोर्चा अध्यक्ष उर्मिला साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रभान सिंह गौतम, शैला सिंह, रेखा चौहान, बलजीत, द्रोपती कुशवाहा, कमलेश राय, भारती साहू, अभिलाषा साहू, प्रियंका त्रिपाठी, पुष्पा चौरसिया, प्रियंका दुबे, गायत्री कुशवाहा, लक्ष्मी सिंह राठौर, उमा बुंदेला, रश्मि मिश्रा, प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी स्मृति जैन, जिला उपाध्यक्ष विनय पटैरिया, अरविंद त्रिपाठी, अशोक दुबे सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

